डाॅ. दिवा भट्ट और भारती पांडे को मिलेगा साहित्य पुरस्कार

 अल्मोड़ा। इस वर्ष का ‘पुष्पलता जोशी स्मृति कुमाउनी साहित्य पुरस्कार’ डाॅ. दिवा भट्ट को और ‘मुन्नी जोशी स्मृति कुमाउनी साहित्य पुरस्कार’ भारती पांडे को दिया जाएगा। ये पुरस्कार ‘कुमाउनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति और ‘पहरू’ कुमाउनी मासिक पत्रिका की ओर से आगामी 04, 05 व 06 नवंबर 2023 को पिथौरागढ़ में आयोजित 15 वे ‘राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन’ में दिए जाऐंगे।



समिति सचिव डाॅ. हयात सिंह रावत ने बताया कि पुरस्कार चयन समिति के सदस्यों द्वारा विचार-विमर्श के बाद इन दोनों साहित्यकारों को कुमाउनी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए चुना गया है।




डाॅ. दिवा भट्ट

        साहित्यकार डाॅ. दिवा भट्ट का जन्म पिथौरागढ़ जिले के ग्रा.-बेलकोट में माता भागीरथी देवी और पिता श्री जयनारायण पांडे के घर 13 मई 1952 को हुआ। हिंदी व कुमाउनी में समान अधिकार से लेखन करने वाली दिवा भट्ट लेखन के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्होंने समसामयिक बिषयों के साथ ही जीवन के यथार्थ को अपने लेखन का विषय बनाया है। अभी तक डाॅ. भट्ट की हिंदी में ‘अक्षरों का पुल’, ‘अनिकेतन’, ‘मेरे देश की चांदनी’, ‘नौ दिन चले अढ़ाई कोस’ और कुमाउनी में नरेन्द्र मोदी की गुजराती कविताओं का कुमाउनी अनुवाद ‘आँख यो धन्य छू’ सहित एक दर्जन से अधिक किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। डाॅ. दिवा भट्ट कुमाउनी में कविता, कहानी व समालोचना व संस्मरण विधाओं में लेखन करती हैं।



भारती पांडे

                साहित्यकार भारती पांडे का जन्म माता श्रीमती विमला लोहनी और पिता स्व. श्री एल. एम. लोहनी में घर में 18 जनवरी 1958 को हुआ। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले की भारती पांडे हिंदी और कुमाउनी में समान रूप से लिखती हैं। उनकी अब तक खंड काव्य ‘कुंती विमर्श’, कहानी संग्रह ‘मुखौटा व भितर का दर्द’, ‘हमारी सांस्कृतिक विरासत ऐपण’, कुमाउनी लोकगाथा संग्रह ‘का्थ क्वीड़’, बाल कथा संग्रह ‘आमा्क का्थ’, ‘चिंतन संवाद’, ‘हिंदी-कुमाउनी-गढ़वाली-जौनसारी शब्दकोश’ आदि किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। भारती पांडे कुमाउनी में कहानी, कविता आदि विधाओं में लेखन करती हैं।

            सम्मेलन संयोजक डाॅ. अशोक पंत ने कुमाउनी भाषा प्रेमियों, रंगकर्मियों, रचनाकारों से सम्मेलन में प्रतिभाग करने की अपील की है। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आगामी 10, 11 व 12 नवंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन

कुमाऊं में प्रचलित होली संग्रह का विमोचन

हल्द्वानी में कुमाउनी भाषा का 14 वां राष्ट्रीय सम्मेलन

किताब समीक्षा : कुमाउनी शब्दों पर दो किताब - ललित तुलेरा

कुमाउनी पत्रकारिता का इतिहास History of kumauni journalism

कुमाउनी भाषा में इस वर्ष आयोजित आठ लेखन पुरस्कार योजनाएं

'उज्याव' संगठनल उरया सतूं औनलाइन कुमाउनी युवा कवि गोष्ठी